विरोध में सीएम व धरसींवा विधायक का पुतला फूंका
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जुलाई। रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने के नाम पर 85 गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के मकान तोड़े जाने को लेकर दुर्ग जिला कांग्रेस ने आक्रोश व्यक्त किया है। इसके विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहिवारा के तत्वावधान में मुरमुंदा चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन किया गया। इसके पश्चात राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन भूपेंद्र नेताम नायब तहसीलदार को सौंपकर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने एवं तत्काल पुनर्वास की मांग की गई।
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमा-झटकी भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गरीब परिवारों के साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों का आशियाना उजाड़ रही है।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि को आज अतिक्रमण बताकर खाली कराया जा रहा है उन्होंने सवाल उठाया कि उसी स्थान पर वर्षों से रह रहे लोगों को बिजली कनेक्शन, सडक़, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ किस आधार पर दिया गया था? यदि वह भूमि वास्तव में शासकीय थी, तो सरकार और प्रशासन इतने वर्षों तक मौन क्यों रहे? श्री ठाकुर ने यह भी प्रश्न उठाया कि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा कार्रवाई से एक दिन पहले ग्रामीणों को आश्वासन दिए जाने के बावजूद अगले ही दिन तडक़े लगभग 3 बजे हजारों की संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अमला पहुंचकर मकानों को तोडऩे की कार्रवाई क्यों शुरू कर दी गई।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की कथनी और करनी के बीच के अंतर को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में 85 परिवारों को बेघर कर देना अत्यंत अमानवीय और संवेदनहीन कदम है। छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं तथा उनका वर्षों का आशियाना मलबे में तब्दील हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोडऩी चाहिए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा मानवीय सहायता की तत्काल घोषणा करनी चाहिए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित ग्रामीणों को शीघ्र न्याय नहीं मिला और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में जनआंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान हीरा वर्मा, उमेश साहू, पंकज कुमार सिकट, उषा सोने, जिला पंचायत सदस्य दुर्ग आकाश कुर्रे, प्रकाश सिंह ठाकुर, कमलेश साहू, संतोष बाफना, योगेश टिकरिया, विजय चौबे, सोनू सोनवानी, धरम बर्रे, रोहित यादव, जगदीश मार्कण्डेय, सुमन साहू, राजा साहू बोरसी, अशोक आडील, हेमंत साहू, उमेश बंजारे, सुमित दिवाकर लहंगा, अभिषेक जांगड़े, ओमप्रकाश मधुकर, विष्णु मधुकर, भूपेंद्र साहू, दिनेश्वर चंदेल, शुभम बंजारे, बिट्टू बंजारे, दीपक मानिकपुरी, संतोष निर्मलकर, भोज पाटले, जसवंत गायकवाड़, चेतन साहू, चेतन श्रीवास, नीलिमा साहू, सुमित आदि उपस्थित थे।