दुर्ग

रास्ता बंद, 5 साल से अपने ही घर तक नहीं पहुंच पा रहा सैनिक, जनदर्शन में गुहार
04-Jul-2026 4:10 PM
रास्ता बंद, 5 साल से अपने ही घर तक नहीं पहुंच पा रहा सैनिक, जनदर्शन में गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 जुलाई। देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात एक भारतीय सैनिक अपने ही घर तक पहुंचने के लिए पिछले पांच वर्षों से संघर्ष कर रहा है। अहिवारा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-7 निवासी राममोहन यादव, जो वर्तमान में भारतीय सेना की 136 फील्ड रेजिमेंट में जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पदस्थ हैं, ने दुर्ग कलेक्टर के जनदर्शन में आवेदन देकर अपने मकान तक पहुंचने का रास्ता बहाल कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सैनिक राममोहन यादव के अनुसार उनका परिवार करीब 40 वर्षों से उक्त मकान में निवास कर रहा है और वर्षों से घर आने-जाने का निर्धारित रास्ता पड़ोसी मकान के कोने से था। उनका आरोप है कि आसपास की कथित सरकारी भूमि के विक्रय के बाद पड़ोसी द्वारा गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे उनके परिवार का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके मकान के एक हिस्से को नुकसान पहुंचाया गया।  राममोहन ने आवेदन में बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान उन्होंने तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित राजस्व अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। छुट्टी समाप्त होने के कारण उन्हें सैन्य ड्यूटी पर लौटना पड़ा और उनकी अनुपस्थिति में रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि बाद में अस्थायी रूप से पानी टंकी परिसर से आने-जाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन नगर पालिका ने उस मार्ग को भी संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए बंद कर दिया। इसके बाद से उनका परिवार पिछले पांच वर्षों से अपने ही घर तक सामान्य रूप से पहुंचने में कठिनाइयों का सामना कर रहा है। सैनिक का कहना है कि उनके मकान का वैध पट्टा है और सभी प्रकार के कर नियमित रूप से जमा किए जाते हैं, बावजूद इसके उन्हें अपने घर तक पहुंचने के मूलभूत अधिकार से वंचित रहना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि हर बार छुट्टी पर आने के दौरान केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका, जिससे वे मानसिक रूप से भी परेशान हैं। जनदर्शन में दिए गए आवेदन में राममोहन यादव ने कलेक्टर से मांग की है कि बंद किए गए रास्ते को पुन: बहाल कराया जाए, कथित सरकारी भूमि से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपने आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री, गृह मंत्री, शिक्षा मंत्री, कलेक्टर दुर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष अहिवारा तथा संबंधित वार्ड पार्षद को भी भेजी है।

फिलहाल यह मामला प्रशासन के समक्ष विचाराधीन है।


अन्य पोस्ट