बलौदाबाजार, 23 मार्च। कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव करते हुए सुमित्रा को बलौदाबाजार जिला कांग्रेस क ी नई अध्यक्ष नियुक्त किया है। सुमित्रा की यह नियुक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं की सहमति से की गई है। सुमित्रा के अध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता और जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता के रूप में जाना जाता है। उनकी नेतृत्व क्षमता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपनी नियुक्ति पर सुमित्रा ने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया और कहा कि वह जिले में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। एआईसीसी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जिला बलौदाबाजार के पलारी विकासखंड के ग्राम पंचायत गबौद्ध रहने वाली 43 वर्षीय सुमित्रा घृतलहरे ने एमएससी (गणित) और नर्सिंग की पढ़ाई की है। राजनीतिक क्षेत्र में उनका अनुभव काफी समृद्ध है। वह दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं और वर्तमान में इंडियन नेशनल कांग्रेस की सदस्य हैं। इसके अलावा वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं।
वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सुमित्रा को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस जिले में और अधिक सशक्त और संगठित होगी।