बलौदा बाजार

मिर्च पाउडर फेंककर युवक से मोबाइल और नगदी लूट, तीन गिरफ्तार
26-May-2026 3:43 PM
मिर्च पाउडर फेंककर युवक से मोबाइल और नगदी लूट, तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 मई।  रायपुर रोड स्थित शराब दुकान के पास तीन युवकों ने एक युवक पर मिर्च पाउडर फेंककर मोबाइल और नगदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पीडि़त और उसके दोस्तों की सतर्कता से पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक ग्राम मोहतरा निवासी शिवकुमार यादव अपने मित्र नरेश ध्रुव के साथ 23 मई शनिवार रात शराब दुकान से सामान लेकर बाइक पर बैठ रहे थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे तीन युवकों ने अचानक शिवकुमार के चेहरे पर मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी और पैसे व मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब शिवकुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर ईट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आई। आरोपी उसकी जेब से मोबाइल फोन और करीब 1500 रुपये नगद लूटकर मौके से भाग निकले।

घटना के तुरंत बाद पीडि़त और उसके दोस्तों ने आरोपियों का पीछा किया। भाग रहे एक आरोपी गौतम कुर्रे को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हुई और आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके दो अन्य साथियों को भी दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।

सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और नगदी रकम भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में गौतम कुर्रे (19), नंदू मनहरे (22) और भुवन कुर्रे (22) शामिल हैं। तीनों बलौदाबाजार के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।


अन्य पोस्ट