बलौदा बाजार

बलौदाबाजार: स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए नपा कर रही तैयारी, जनता का फीडबैक तय करेगा रैंकिंग
25-May-2026 4:38 PM
बलौदाबाजार: स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए नपा कर रही तैयारी, जनता का फीडबैक तय करेगा रैंकिंग

हर साल सफाई पर करोड़ों खर्च, फिर भी शहर के कई हिस्सों में गंदगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 मई। केंद्रीय अध्ययन दल द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर का निरीक्षण किसी भी समय किया जा सकता है। नगर पालिका प्रशासन ने सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है, क्योंकि इस बार की रैंकिंग में नागरिकों का फीडबैक निर्णायक भूमिका निभाएगा।

केंद्रीय टीम नागरिकों से कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर सीधा संवाद करेगी। मोबाइल ऐप और फोन कॉल के जरिए भी फीडबैक लिया जाएगा।

 सर्वेक्षण में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक निपटान, रिड्यूस-रियूज-रीसाइकिल (आरआरआर) मॉडल, और तालाबों/बाजारों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खुले में कचरा फेंकने पर सीधे अंक काटे जाएंगे।

109 सफाई कर्मी और 40 वाहन भी

 नगर पालिका सफाई व्यवस्था पर सालाना 4 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक खर्च कर रही है, जिसमें 109 सफाई कर्मी और 40 वाहन तैनात हैं। इसके बावजूद, शहर के कई वार्डों में नियमित सफाई का अभाव है और खाली प्लाटों व सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं।

 अधिकारियों का मानना है कि मार्च में कर वसूली (संपत्ति और जल कर) पर अधिक ध्यान देने के कारण सफाई व्यवस्था कुछ प्रभावित हुई थी, जिसे अब दुरुस्त किया जा रहा है।

 वर्ष 2022 में बलौदाबाजार ने 25 से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में ‘बेस्ट सिटी इन सिटिजन फीडबैक’  का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। अब उसी स्तर के प्रदर्शन को दोहराने का दबाव प्रशासन पर है। नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने शहर को शीर्ष 10 में लाने का लक्ष्य रखा है।

वहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फील्ड कर्मचारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में, शहर के प्रमुख मार्गों और घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्थिति को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट