‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 5 मार्च। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद आज हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित जानकी व पुलैया निर्विरोध अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाये गए हंै। इसके बाद अब जनपदों के बाद जिला पंचायत में भी भाजपा का कब्जा हो गया है।
ज्ञात हो कि आज जिला पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए चुनाव हुए। जिसमें पामेड़ क्षेत्र से जीतकर जिला पंचायत सदस्य बनी जानकी कोरसा को अध्यक्ष व मद्देड़ क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीतकर सदस्य बने पेरे पुलैया जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनाये गये। इसके बाद बीजापुर जिला पंचायत में भी भाजपा का कब्जा हो गया है।
अध्यक्ष उपाध्यक्ष की प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद भाजपा में खुशी की लहर है। नव निर्वाचित अध्यक्ष जानकी कोरसा व उपाध्यक्ष पेरे पुलैया के जीत के जश्न का माहौल रहा। नगर में डीजे के साथ भव्य रैली निकालकर खुशी मनाई गई।
ज्ञात हो कि बीजापुर जिला पंचायत के अंतर्गत कुल 10 सीट है। इस बार जिला पंचायत की सीटों में हुए चुनाव में भाजपा ने 7 सीट पर कांग्रेस ने दो सीट पर तथा एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है।