‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 फरवरी। नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग शहर के विभिन्न वार्डों में रोड शो किया। महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार तथा पार्षदों के पक्ष में उन्होंने आम जनता से समर्थन मांगा। पुराना बस स्टैंड दुर्ग से रोड शो की शुरुआत हुई। एक वाहन में महापौर के भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायक गजेंद्र यादव तथा ललित चंद्राकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। यह काफिला इंदिरा मार्केट, पचरीपारा, चंडी मंदिर, गया नगर, गंजपारा, केलाबाड़ी, कसारीडीह होते हुए महाराजा चौक पहुंचा। रोड शो के मार्ग पर मुख्यमंत्री का अभिवादन भी किया। महाराजा चौक पर मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए राज्य शासन की उपलब्धियां को सिलसिलेवार गिनाया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दुर्ग के चौमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। 13 महीने के कार्यकाल में उन्होंने जनता से किए गए वादे को लगभग पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम आवास योजना, महतारी वंदन इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है। किसानों के लिए भी उन्होंने जो वादे किए थे। उसे निभा रहे हैं। भूमिहीन मजदूरों के लिए भी सरकार द्वारा आर्थिक सहयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नजूल भूमि पर जो लोग लंबे अरसे से मकान बना कर रह रहे हैं। उनका सर्वे का पट्टा दिए जाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में सुशासन का राज है। इसके पहले कांग्रेस के राज में घोटाला ही घोटाला हुआ था। कई घोटाले की जांच चल रही है। घोटाले में संलिप्त कुछ लोग जेल में हैं, कुछ और जेल जाने की तैयारी में है। इस दौरान उन्होंने शराब, कोयला, पीएससी तथा महादेव एप घोटाले का जिक्र किया।