दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 अप्रैल। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से हुक्का एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से 55 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 40 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 4 पैकेट हुक्का नोजल, 4 पैकेट हुक्का कोल तथा 600 रूपये नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख से अधिक बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश जैन एवं शैलेष जैन निवासी मालवीय नगर दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


