दुर्ग

गांजे के कारोबार में मां-बेटा गिरफ्तार
23-Apr-2026 7:00 PM
गांजे के कारोबार में मां-बेटा गिरफ्तार

भिलाई नगर, 23 अप्रैल। दुर्ग पुलिस ने फरीद नगर के डेरा बस्ती इलाके में दबिश देकर अवैध रूप से गांजा बेचते हुए एक महिला और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 55 हजार रुपये का मादक पदार्थ और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर फरीद नगर की डेरा बस्ती में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड मारी गई।

नाबालिग बेटे का इस्तेमाल कर रही थी मां

पुलिस ने मौके पर नंदनी धुर्वे (37 वर्ष) को रंगे हाथों पकड़ा। उसके पास मौजूद थैले से 1.780 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान महिला का नाबालिग बेटा भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। तलाशी लेने पर बालक के पास से 1.150 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद हुई। पूछताछ में नाबालिग ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसकी मां ही उसे गांजा बेचने के लिए देती थी और बिक्री से मिलने वाली रकम भी मां के पास जमा होती थी।

सुपेला पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2.930 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), जेजे एक्ट की धारा 77 और 78 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग बालक के खिलाफ जेजे बोर्ड के नियमों के तहत कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट