‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 29 जनवरी। गणतंत्र दिवस का 75वां वर्ष अंचल में धूमधाम के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत मानिकचौरी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू, सरपंच बुद्धेश्वर साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे झंडे को सलामी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने दायित्वों को अधिकारों से ऊपर रखकर कार्य करना चाहिए। हमारी पहचान हमारे संविधान से है। संविधान हमें मुख्यत: स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के बारे में बताता है। उन्होंने कहा कि सभी अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाए। सरपंच बुद्धेश्वर साहू ने कहा कि राष्ट्र धर्म के प्रति समर्पण से ही देश महान बनता है। हमारे संविधान में हमारे मूल कर्तव्य और मौलिक अधिकारों का उल्लेख है।
गणतंत्र दिवस भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन हमारा संविधान अस्तित्व में आया था। हमें अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।