बिलासपुर

नाबालिग की हत्या से पहले हुई थी रेप, दो आरोपी गिरफ्तार
04-Jul-2021 5:29 PM
नाबालिग की हत्या से पहले हुई थी रेप, दो आरोपी गिरफ्तार

एकतरफा प्रेम में विफल आरोपी और उसका अधेड़ साथी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 4 जुलाई।
तोरवा इलाके में 3 दिन पहले हुई नाबालिग लड़की की रेप के बाद हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात के पीछे एकतरफा प्रेम का मामला सामने आया है। लड़की के साथ रेप करने की कोशिश की गई और विरोध करने पर एल्युमिनियम के तार से गर्दन घोट कर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से तोरवा इलाके में काफी आक्रोश था और आरोपियों को पकड़ने की मांग पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया गया था।

ज्ञात हो कि घटना महमंद ग्राम के समीप बेल्हाखार ग्राम की है। तीन दिन पहले गांव के बाहर नाबालिग लड़की का शव मिला था। सुबह के समय वह शौच के लिये घर से निकली थी। उसकी गर्दन और शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान पाये गये। शव देखते ही यह आशंका व्यक्त की गई कि हत्या के पूर्व उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने की कोशिश की गई है। इस घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को महमंद इलाके के 500 से अधिक लोगों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन भी किया था। संदेह के आधार पर कल दो आरोपियों को हिरासत में लेने की जानकारी तोरवा परिवेश तिवारी ने दी थी।

आज पूरी घटना का खुलासा करते हुए अतिरिक्त् पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि किशोरी के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में लालखदान वार्ड 7 के सूरज कश्यप (26 वर्ष) और नाबालिग के घर के पास रहने वाले बेल्हाखार के महेन्द्र पासी (50 वर्ष) को हत्या और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच से मालूम हुआ है कि आरोपी सूरज लड़की से एकतरफा प्रेम करता था और उसके साथ कई बार छेड़खानी कर चुका था। आरोपी सूरज ने लड़की के घर के पास रहने वाले महेन्द्र पासी के साथ दोस्ती भी इसीलिये की थी ताकि वह लड़की से सम्पर्क बढ़ा सके। मृतक नाबालिग लड़की ने आरोपी सूरज की तरफ ध्यान नहीं दिया। इसके चलते उसने उसके साथ जबरदस्ती करने की ठान ली। इसमें दूसरे आरोपी महेन्द्र ने मदद की। घटना के दिन दोनों ने सुबह सूनसान जगह पर लड़की को घेर लिया। उसके साथ पहले उन्होंने पिटाई की, जिससे लड़की के कान से खून भी बहने लगा। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाये। लड़की ने लगातार इसका विरोध किया। इस पर पहचान छुपाने के मकसद दोनों ने अपने पास रखे एल्युमिनियम की तार से लड़की का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों का सुराग हासिल करने के लिये पुलिस ने करीब 35 संदेहियों से पूछताछ की और 30 ग्रामीणों के बयान लिये। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों तक जल्द पहुंचने के लिये अन्य थानों की पुलिस के साथ एक चार अलग-अलग टीम बनाई थी और साइबर टीम भी अलर्ट थी।


अन्य पोस्ट