बिलासपुर

डॉक्टर दंपती के जवान बेटे ने लगाई फांसी, घर लौटे तो देखा बेटे का शव
27-Oct-2025 2:02 PM
डॉक्टर दंपती के जवान बेटे ने लगाई फांसी, घर लौटे तो देखा बेटे का शव

छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 27 अक्टूबर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर दंपती के 19 वर्षीय बेटे ने रविवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे। पूजा से लौटने पर उन्होंने बेटे का शव कमरे में लटका पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रा पार्क, बृहस्पति बाजार निवासी डॉ. आशुतोष तिवारी और उनकी पत्नी डॉ. आरती पांडेय दोनों सिम्स अस्पताल में पदस्थ हैं। रविवार शाम दोनों छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए थे। उनका बेटा आयुष्मान तिवारी (19 वर्ष) घर पर अकेला था।

रात करीब साढ़े दस बजे जब वे लौटे तो उन्होंने देखा कि आयुष्मान का शव कमरे में पड़ा है। पंखे पर रस्सी का एक सिरा बंधा था और दूसरा सिरा उसके गले में। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू ने बताया कि आयुष्मान की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

 


अन्य पोस्ट