बिलासपुर

पावर प्लांट में नाइट ड्यूटी कर रहा मजदूर सुबह मृत मिला, श्रमिकों में आक्रोश मांगा एक करोड़ मुआवजा
18-Feb-2022 7:19 PM
पावर प्लांट में नाइट ड्यूटी कर रहा मजदूर सुबह मृत मिला, श्रमिकों में आक्रोश मांगा एक करोड़ मुआवजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 18 फरवरी।
उरगा थाना इलाके के लैंको पॉवर प्लांट के बॉयलर में काम कर रहे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद मौजूद श्रमिकों और परिजनों ने नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर दिया और हड़ताल पर चले गये।

कोथरी का दुर्गेश कुमार धैर्य (45 वर्ष) प्लांट के भीतर प्रीसीसी इंजीनियरिंग के लिये काम करता था। यह कंपनी पॉवर प्लांट में मेंटनेंस का काम देखती है। गुरुवार रात से वह ड्यूटी पर था। सुबह 7.30 बजे लोगों को उसकी मौत की खबर लगी। कर्मचारियों ने बताया कि शिफ्ट समाप्त होने के बाद वे सभी 9 बजे प्लांट से निकलने वाले थे तो देखा कि बॉयलर के ऊपर दुर्गेश अचेत पड़ा है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रबंधन और ठेका कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। वे आश्रित के लिये नौकरी व एक करोड़ रुपया मुआवजे की मांग कर रहे थे। कुछ श्रमिकों का कहना है कि बॉयलर के पास गैस रिसाव होने के कारण दुर्गेश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चलने की बात कही जा रही है।


अन्य पोस्ट