बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 अक्टूबर। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा उत्सव मंगलवार को कृषि परिमंडी परिसर में धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीराम का बाण लगते ही 40 फीट ऊंचा रावण का पुतला धधक उठा। साथ ही 26-26 ऊंचे मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया गया।
आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयकारों के बीच आयोजित उत्सव शहर सहित आसपास के करीब 50 गांव के हजारों लोग पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित विद्यांचल धाम क्षेत्र से आई रामलीला मंडली के कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का जीवंत मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रावण वध के बाद राम-दरबार का राज्याभिषेक किया गया।श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और उनका आशीर्वाद लिया। रावण वध के बाद श्रीराम लक्ष्मण, माता जानकी और वानर सेना का मंच पर अभिनंदन किया गया। इसके बाद राम दरबार का राज्याभिषेक और आरती हुई। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उत्सव के समापन पर लोगों ने स्थानीय राम मंदिर पहुंचकर भी दर्शन किए।
रामलीला के मंचन ने बांधा समां
परिसर में उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने लगातार पांचवें वर्ष रामलीला का मंचन किया। विकास तिवारी ने श्रीराम, सुनील तिवारी ने लक्ष्मण, अमरेश तिवारी ने हनुमान, रामनारायण तिवारी ने रावण, संतोष तिवारी ने कुंभकरण और राकेश तिवारी ने मेघनाद की भूमिका निभाई वानर। सेना और लंकाई सेना के बीच युद्ध तथा श्रीराम के हाथों रावण वध पर दर्शकों ने उत्साह जताया। संजय तिवारी ने संचालन और व्यास स्थित शिव प्रसाद पाठक ने सानिध्य में कलाकारों ने प्रस्तुति दी ।