बेमेतरा

पति की मौत के डेढ़ साल बाद भी मुआवजा नहीं, दफ्तरों के चक्कर
19-Oct-2026 7:35 PM
पति की मौत के डेढ़ साल बाद भी मुआवजा नहीं, दफ्तरों के चक्कर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 19 अक्टूबर। पति की मौत के बाद परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रही ग्राम चौंगीखपरी निवासी अश्विनी निषाद को डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी शासन की आर्थिक सहायता नहीं मिली है। आरबीसी 6(4) के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए वह लगातार प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रही है। आवश्यक जांच और अनुसंधान की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद, भुगतान लंबित रहने से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

आंधी तूफान के दौरान हुई थी मौत

अश्विनी निषाद के पति नंद कुमार निषाद की 1 मई 2025 को राखी जोबा में राइस मिल में काम करने के दौरान आंधी-तूफान के बीच दबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद नियमानुसार तहसीलदार देवकर के न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया। स्थानीय प्रशासन ने आवश्यक जांच और अनुशंसा रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर कार्यालय भेज दी थी। इसके बावजूद सहायता राशि का भुगतान नहीं हो सका है।

आवेदन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पीडि़ता ने बताया कि उन्होंने 5 अगस्त, 2026 को भी इस संबंध में लिखित आवेदन दिया था, लेकिन अब तक उन्हें आर्थिक सहायता नहीं मिली है। पति की मृत्यु के बाद परिवार के आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। बच्चों की परवरिश, पढ़ाई और घरेलू खर्च चलाना उसके लिए चुनौती बन गया है। उन्होंने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित सहायता राशि जल्द जारी करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन की इस पहल के बाद पीडि़ता को कब तक राहत मिलती है।

कलेक्टर का आश्वासन

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा प्रार्थिया का मुआवजा संबंधी आवेदन मिला है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट