बेमेतरा

उपभोक्ता आयोग का मुआवजा देने आदेश
15-Oct-2026 8:16 PM
उपभोक्ता आयोग का मुआवजा देने आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 15 अक्टूबर। स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में गंभीर त्रुटि और दावा खारिज किए जाने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने चोला मंडलम एमए जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के खिलाफ फैसला सुनाते हुए परिवादी को मुआवजा देने का आदेश दिया है।

 परिवादी संतोष लखेटे ने वर्ष 2017 में बैंक के माध्यम से अपने पिता बाबूलाल कसार के नाम पर 3-3 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी ली थी। वर्ष 2020-21 में पॉलिसी के नवीनीकरण के दौरान प्रीमियम राशि कटने के बावजूद, बैंक और बीमा कंपनी की गलती से दोनों पॉलिसी परिवादी के नाम पर जारी हो गईं और पिता के नाम पर पॉलिसी जारी नहीं की जा सकी। इस त्रुटि की जानकारी देने के बाद भी सुधार नहीं किया गया।

कोविड संक्रमण के दौरान इलाज के दौरान पिता की मृत्यु हो गई। जब अस्पताल के खर्च की भरपाई के लिए बीमा दावा प्रस्तुत किया गया, तो बीमा कंपनी ने इसे खारिज कर दिया।

 जिला उपभोक्ता आयोग (अध्यक्ष आनंद कुमार सिंघल, सदस्य ओ.पी. चंद्राकर और सलमा शरीफ) की पीठ ने सेवा में कमी मानते हुए बीमा कंपनी को आदेश प्राप्ति के 45 दिनों के भीतर 3 लाख रुपये प्रतिकर (मुआवजा) और 5 हजार रुपये वाद व्यय के रूप में भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने पर 9 फीसदी वार्षिक ब्याज भी देना होगा।


अन्य पोस्ट