बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 14 अक्टूबर। बेमेतरा जिले के गिधवा-परसदा पक्षी विहार में ठंड की आहट के साथ ही प्रवासी पक्षियों की आमद शुरू हो गई है। यहाँ सुबह के समय चैता (गार्गेनी) और दुर्लभ नकटा (नुकता) बत्तखें दिखाई दीं।
पक्षी मित्र जयंत जायसवाल द्वारा ली गई तस्वीरों में ये पक्षी कमल-कुमुदनी से भरे उथले पानी में विचरण करते नजर आ रहे हैं। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार, यहाँ सर्दियों में करीब 200 प्रजातियों के प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। दिसंबर से अप्रैल तक बड़ी संख्या में पर्यटक इन्हें देखने आते हैं।
चैता (गार्गेनी) बत्तख: यह छोटी प्रवासी बत्तख यूरोप और मध्य एशिया से हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर सर्दियों में छत्तीसगढ़ पहुँचती है। मादा भूरे रंग पर धब्बेदार और आँख पर काली लकीर से पहचानी जाती है। यह पानी में सिर डुबोकर बीज और कीड़े खाती है तथा घने जलकुंभी में छिपना पसंद करती है।
नकटा बत्तख: यह भारत की सबसे बड़ी जंगली बत्तखों में से एक है। सफेद सिर पर काले धब्बे और नर की चोंच पर काला उभार (कॉम्ब) इसकी पहचान है। यह अनोखी बत्तख पेड़ों के खोखलों में घोंसला बनाती है और आमतौर पर 10 से 30 के झुंड में शांत स्वभाव से रहती है।
पारिस्थितिकी तंत्र और जलसंकट की चुनौती
पक्षी विशेषज्ञों का मानना है कि प्रवासी और स्थानीय प्रजातियों का एक साथ दिखना इस बात का प्रमाण है कि गिधवा-परसदा का पारिस्थितिकी तंत्र अभी भी सुरक्षित और समृद्ध है। हालांकि, पूर्व में जलसंकट के कारण पक्षियों को ठिकाना बदलने पर मजबूर होना पड़ा था।
स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि राज्य गठन के ढाई दशक बाद भी जल संरक्षण और सघन वृक्षारोपण की दिशा में ठोस कार्य नहीं किए गए हैं। गिधवा के 10 किलोमीटर के दायरे में कई लघु जलाशय हैं, यदि उन पर ध्यान दिया जाए तो यह पक्षी विहार वर्ष भर पर्यटकों से गुलजार रह सकता है।