बेमेतरा

जनदर्शन में 40 आवेदन
13-Oct-2026 7:24 PM
जनदर्शन में 40 आवेदन

बेमेतरा, 13 अक्टूबर। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा संबंधित प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य, विद्युत, शिक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। जिन मामलों में विस्तृत जांच अथवा विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें नियमानुसार समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, भूमि संबंधी विवाद, सीमांकन, नामांतरण, कटा हुआ रकबा जोडऩे, आम रास्ता खुलवाने, खाद गड्ढा हटाने, पेयजल, विद्युत एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।


अन्य पोस्ट