बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 13 अक्टूबर। बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, जिज्ञासा और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला खपरी धोबी विकासखंड साजा में बस्ता विहीन शनिवार के अवसर पर ‘नन्हा संवादलोक’ नामक अनूठे नवाचार की शुरुआत की गई। इस नवाचार के अंतर्गत बच्चे नन्हे रिपोर्टर बनकर हर शनिवार को विद्यालय में आने वाले अतिथियों, अधिकारियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों का साक्षात्कार लेंगे।
इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन से जोडऩा और उन्हें प्रश्न पूछने तथा नए अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान करना है। इस पहल के अंतर्गत नन्हीं रिपोर्टर मुस्कान सिन्हा एवं नन्हें संवाददाता तरुण यादव ने विद्यालय के प्रधान पाठक धनेश रजक का साक्षात्कार लिया।
बच्चों ने सरल और रोचक सवाल पूछे, जैसे आप शिक्षक कैसे बने ? आपने कितनी पढ़ाई की है ? बचपन में आप कैसे थे ? आपको बचपन में कौन-सा खाना पसंद था ? बचपन में आपका पसंदीदा खेल कौन-सा था ? स्कूल में आपका सबसे पसंदीदा विषय कौन-सा था ? क्या बचपन में आपको भी शरारत करना पसंद था ? आप बड़े होकर क्या बनना चाहते थे ? बच्चों को आप क्या संदेश देना चाहेंगे ? बच्चों के इन सहज सवालों ने साक्षात्कार को रोचक बनाया।
इस गतिविधि से विद्यार्थियों को अपने शिक्षक के बचपन, शिक्षा और जीवन के अनुभवों को जानने का अवसर मिला। साथ ही उनमें निर्भीक होकर बोलने, ध्यानपूर्वक सुनने, प्रश्न बनाने और संवाद करने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।
इस नवाचार के मार्गदर्शक प्रधान पाठक धनेश रजक विद्यालय में शिक्षा को रोचक, आनंददायक और गतिविधि आधारित बनाने के लिए निरंतर नए प्रयोग करते रहते हैं। उनका मानना है कि प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है।
‘नन्हा संवादलोक’ की प्रेरक पंक्ति है ‘नन्हे सवाल, बड़ी दुनियाँ से संवाद।’ यह पहल बस्ता विहीन शनिवार को अनुभवात्मक शिक्षा, रचनात्मकता और बाल सहभागिता से जोडऩे की दिशा में एक अभिनव प्रयास है।