बेमेतरा

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
08-Oct-2026 8:00 PM
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 8 अक्टूबर। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, लंबित प्रकरणों और आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा, युवा उड़ान सहित विभिन्न कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने, रूट चार्ट के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश एसडीएम, जनपद सीईओ और नगर पंचायत सीएमओ को दिए।  उन्होंने टीएल, जनदर्शन, जन शिकायत, सीएम हेल्पलाइन और कलेक्टर जन चौपाल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 10 दिवस से अधिक लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने कहा। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

 आगामी खरीफ विपणन वर्ष को देखते हुए धान उपार्जन केंद्रों में तौल कांटा, बारदाना, छाया, पेयजल, बिजली और किसानों के बैठने की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।  महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जर्जर, क्षतिग्रस्त और किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का चिन्हांकन कर नवीन भवनों के प्रस्ताव भेजने तथा पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने कहा।

 कलेक्टर ने पीएम आवास, महतारी वंदन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और मनरेगा जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम भावना से कार्य कर जिले के विकास को गति देने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट