बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 अक्टूबर। ग्राम मोहतरा में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की दु:खद घटना में स्व.छन्नू चंद्राकर, स्व.राधेश्याम चंद्राकर एवं स्व. ईश्वर सिंह कश्यप के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। घटना की जानकारी प्राप्त होने के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा आज उनके निज निवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारजनों को इस कठिन घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि मोहतरा की यह हृदयविदारक घटना अत्यंत पीड़ादायक और दुखद है।अपनों को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन और दु:ख की घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था से जुड़ी ऐसी गंभीर और जानलेवा घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत अधोसंरचना की समुचित जांच, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है। जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और विद्युत विभाग को ऐसी घटनाओं के संभावित कारणों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति दें।