बेमेतरा
यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 सितंबर। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात का माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सडक़ सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर ममगाईं ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक भी जान सडक़ हादसे में जाना अत्यंत दुखद है, जिसे हम सब मिलकर रोक सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का तत्काल सुधार किया जाए, जहां-जहां सडक़ें क्षतिग्रस्त हैं, वहां पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई द्वारा साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। कलेक्टर ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी स्कूलों में सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगे और अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि यातायात नियम तोडऩे वालों पर होगी सख्त कार्रवाई होगी। जिले में हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य मार्गों पर ओवरलोडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर भी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिले के सभी ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य किया जाए।मुख्य चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, स्टॉपर और संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। स्कूल-कॉलेजों में सडक़ सुरक्षा जागरूकता सप्ताह मनाया जाए। दुर्घटना में घायलों को तत्काल मदद पहुंचाने के लिए 108 एम्बुलेंस और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए। सडक़ किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
