बेमेतरा

पार्षद की भूख हड़ताल के बाद बेजाकब्जों पर चला बुलडोजर
29-Sep-2026 2:58 PM
पार्षद की भूख हड़ताल के बाद बेजाकब्जों पर चला बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 सितंबर। नगर पालिका प्रशासन ने पार्षद की भूख हड़ताल के बाद सोमवार को पिखरी वार्ड स्थित मां शीतला पारा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक अवैध निर्माणों को हटाकर रास्ता खाली कराया।

ज्ञात हो कि पिखरी वार्ड के मां शीतला पारा मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा झोपड़ी, बाउंड्रीवाल और चबूतरे का निर्माण कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसके कारण वार्ड में सफाई वाहन, पानी के टैंकर और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।

 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई न होने से नाराज वार्ड पार्षद राजकुमार खांडे भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा और सीएमओ नरेश कुमार वर्मा द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने हड़ताल समाप्त की।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पूर्व में तीन बार नोटिस जारी किया गया था। तीसरी बार नोटिस लेने से इनकार करने पर मकानों पर चस्पा किया गया। इसके बाद समाज के प्रमुखों, वार्ड पार्षद और पालिका कर्मचारियों की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्माण हटाने का निर्णय लिया गया।

सोमवार को सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के आधार पर नगर पालिका के तोड़ू दस्ते ने बेदखली की कार्रवाई पूरी की।


अन्य पोस्ट