बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 सितंबर। नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम सेमरिया में शनिवार सुबह मृतक राजेश पाल का अंतिम संस्कार टिन-छप्पड़ का अस्थायी शेड बनाकर किया गया।
जनपद सदस्य सनतधर दीवान ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत को मुक्तिधाम निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, लेकिन तत्कालीन सरपंच द्वारा इसका निर्माण नहीं कराया जा सका। वर्तमान में वीबी जी-राम-जी योजना के तहत प्रस्ताव भेजकर निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। यदि योजना के माध्यम से स्वीकृति प्राप्त नहीं होती है, तो वे अपनी निधि से मुक्तिधाम का निर्माण कराएंगे। ज्ञात हो कि मुक्तिधामों की स्थिति पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट संज्ञान ले चुका है। 19 दिसंबर 2025 को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश कुमार सिन्हा के दौरे के बाद इस मामले में जनहित याचिका दर्ज की गई थी।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने न्यायालय को अवगत कराया था कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 6 अक्टूबर 2025 को निर्देश जारी किए थे। नगरीय प्रशासन विभाग ने 8 अक्टूबर 2025 को मुक्तिधामों के रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे।
इन दिशा-निर्देशों में साफ-सफाई, ग्रीन फेंसिंग, शेड की मरम्मत, बिजली, पानी, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय तथा प्रतिक्षालय की व्यवस्था अनिवार्य की गई थी। सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने टिप्पणी की थी कि गरिमापूर्ण अंतिम संस्कार संविधान के तहत जीवन के अधिकार का हिस्सा है और केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका जमीनी क्रियान्वयन आवश्यक है।