बेमेतरा

24 घंटे बारिश ने धान को दी संजीवनी, खेतों में लौटी हरियाली
27-Sep-2026 3:32 PM
24 घंटे बारिश ने धान को दी  संजीवनी, खेतों में लौटी हरियाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,27 सितंबर । बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के असर से जिले में गुरुवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। करीब 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ ही पानी का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत दी है।

विशेषकर नवागढ़ और थानखम्मरिया क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से सूखे की कगार पर पहुंच चुकी धान की फसल के लिए यह बारिश संजीवनी साबित हुई है।बाली निकलने के समय बारिश बेहद अहम:क्षेत्र में मुख्य रूप से स्वर्णा, महामाया, एमटीयू 1010 और हरुना जैसी धान की किस्मों की खेती की जाती है।

वर्तमान में फसल में बालियां निकलने की अवस्था है, जिसके लिए पर्याप्त नमी आवश्यक होती है। भादों के महीने में पर्याप्त बारिश न होने से फसल प्रभावित हो रही थी, लेकिन इस बारिश ने समय पर खेतों को नमी प्रदान की है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को भी आंशिक बादल छाए रहने व हल्की बौछारें पडऩे की संभावना है, जबकि 27 सितंबर से मौसम साफ होने के संकेत हैं।

भू- अभिलेख शाखा से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक सबसे अधिक वर्षा तहसील में 760.6 मिमी, जबकि सब सबसे कम नवागढ़ तहसील में 429.5 मिमी दर्ज हुई है।

25 सितंबर को सुबह 8 बजे तक की स्थिति में तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो बेमेतरा में 464 मिमी, देवकर में 539.5 मिमी, थान खम्हरिया में 665 मिमी, भीभंवरी में 716.8 मिमी, दाढ़ी में 546.4 मिमी तथा नांदघाट में 635.7 मिमी औसत दर्ज की गई है।


अन्य पोस्ट