बेमेतरा
प्रभावितों को अस्थायी आश्रय व खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 सितंबर। बेमेतरा जिले में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। निचले और संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित आश्रय स्थलों पर पहुंचाया जा रहा है, जहां खाद्यान्न, पेयजल और चिकित्सकीय सुविधाएं दी जा रही हैं।
नदी-नालों के उफान पर होने और पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने के कारण जिले के 8 प्रमुख मार्गों पर संपर्क टूट गया है। बेमेतरा - दुर्ग मार्ग संमुदा नाला के उफान पर होने से बंद। बेरला-रायपुर मार्ग पठारीडीह नदी के पास आवागमन ठप। साजा-थानखमरिया मार्ग जलस्तर बढऩे से यातायात बंद। रौद्रा - बलगेड़ी मार्ग टोटू नाला के उफान पर होने से संपर्क कटा। बोड़तरा-परपोड़ी मार्ग सुरही नदी का जलस्तर बढऩे से मार्ग बाधित। अन्य प्रभावित मार्ग में नवकेसा-देवकर-जलमाधा मार्ग, थानखमरिया-सिलाटी मार्ग और नवागढ़-भाटापारा मार्ग पर आवागमन बंद है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफान मारते नदी-नालों के पास न जाने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
24 घंटे में 72.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज
कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा के अनुसार जिले में बीते 24 घंटे में औसतन 72.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा तहसील बेरला में 110.5 मिमी, थानखम्हरिया में 107.5 मिमी और भिंभौरी में 103.5 मिमी दर्ज की गई है। बेमेतरा 62.1 मिमी, दाढ़ी - 70.3 मिमी, बेरला 110.5 मिमी, भिंभौरी 103.5 मिमी, साजा 90.7 मिमी, देवकर 40.0 मिमी, नवागढ़ 34.5 मिमी, नांदघाट 36.4 मिमी, थानखम्हरिया 107.5 मिमी बारिश हुई है। एक जून से अब तक जिले में औसत 670.0 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो पिछले दस वर्षों की औसत वर्षा 810.2 मिमी का 82.7 प्रतिशत है। जिले में अब तक की कुल औसत वर्षा 864.91 मिमी के मुकाबले इस वर्ष अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है।