बेमेतरा
जिपं अध्यक्ष ने कलेक्टर से नहर से पानी छोडऩे का किया अनुरोध
बेमेतरा, 13 सितंबर। बेरला ब्लॉक के विभिन्न गांवों में वर्षा की कमी के कारण फसलों की स्थिति को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में जल संकट की स्थिति से अवगत कराते हुए तांदुला जलाशय से नहरों के माध्यम से पानी छोडऩे का अनुरोध किया है।
ग्राम गोंडीगिरी, तिलई, चंडी, करेली, मुड़पार, घटियां, बहेरा, सांकरा, पाहरा और खरा सहित आसपास के क्षेत्रों में मुरमी एवं भाठा भूमि होने के कारण वर्षा का जल खेतों में नहीं रुक पा रहा है।
आगामी दिनों में पर्याप्त वर्षा न होने की स्थिति में फसलों की सुरक्षा के लिए तांदुला जलाशय से नहर द्वारा एक बार पानी छोड़े जाने की आवश्यकता बताई गई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रशासन से क्षेत्र में वर्षा की स्थिति पर निगरानी रखने और समय पर जल प्रबंधन सुनिश्चित करने की बात कही है।