बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 सितंबर। गणेश उत्सव व विभिन्न पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिला मुख्यालय के पुराना रेस्ट हाऊस में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव व विभिन्न पर्व -त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में सामाजिक सौहार्द्र, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने संबंधी विषयों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने गणेश उत्सव समितियों से आपसी समन्वय, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व को मनाने की अपील की। उन्होनें कहा कि गणेश उत्सव आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का पर्व हैं। जिला हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और ऐसे किसी गतिविधिय से बचे, जिससे कानून- व्यवस्था प्रभावित न हो अथवा किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि आगामी गणेश उत्सव व विभिन्न पर्व-त्योहारों में पंडाल सडक़ों पर न बनाए जाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो और आमजन को परेशानी न हो। केवल मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति होगी। पंडालों की सुरक्षा की जवाबदारी आयोजकों की होगी तथा सभी पूजा पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य रहेगा। आगामी गणेश उत्सव, पर्व-त्योहारों के दौरान किसी प्रकार के अन्य आयोजन के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की सूची संबंधित थाना में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य रहेगा।
बैठक में उपस्थित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों सहित जिले के गणमान्य नागरिकों से आगामी पर्व-त्योहार के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज एवं एसडीएम दिव्या पोटाई, एसडीओपी भूषण एक्का, थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, तहसीलदार अनिरूद्ध मिश्रा, वार्ड पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सहित जिले के गणमान्य नागरिक एवं प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई।