बेमेतरा

राज्यपाल के गोद ग्राम टेमरी के स्कूल की स्थिति पर जिपं सदस्य ने उठाए सवाल
09-Sep-2026 4:14 PM
राज्यपाल के गोद ग्राम टेमरी के स्कूल की स्थिति पर जिपं सदस्य ने उठाए सवाल

डीईओ ने दिए जांच व सुधार के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 9 सितंबर। राज्यपाल द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी ने सवाल खड़े करते हुए संबंधित तस्वीरें और जानकारी लोकभवन भेजी हैं। जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी के अनुसार, दो बार निरीक्षण के दौरान स्कूल में साफ-सफाई की कमी और भवन में सीपेज की समस्या पाई गई। उन्होंने स्कूल को नवीन भवन में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया है।

उन्होंने मिडिल स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षाओं को संयुक्त रूप से संचालित करने की बात कही, ताकि उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग हो सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बालिका शौचालय के एक हिस्से को बालकों के उपयोग हेतु विभाजित किए जाने का उल्लेख किया।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2018 के बाद स्कूल भवनों की मरम्मत हेतु जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से करीब 19 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। उन्होंने इस राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्रों की जांच की मांग की है।

नियमित निरीक्षण के लिए टीम बनेगी

जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने कहा कि टेमरी में हायर सेकेंडरी स्कूल को मिडिल स्कूल भवन के साथ संचालित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा बालक प्रसाधन की व्यवस्था प्रक्रियाधीन है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में जारी मरम्मत राशि की जांच हेतु कलेक्टर को पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ ही टेमरी स्कूल के नियमित निरीक्षण के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट