बेमेतरा

काम में लापरवाही: मारो चौकी प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
08-Sep-2026 4:11 PM
काम में लापरवाही: मारो चौकी प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

बेमेतरा, 8 सितंबर। मारो पुलिस चौकी के कर्मचारियों के विरुद्ध मिल रही शिकायतों पर विभागीय जांच के पश्चात पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) संबद्ध कर दिया है।

पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मारो चौकी क्षेत्र के आवेदकों और आम नागरिकों द्वारा प्रकरणों के निराकरण में विलंब, शिकायतों की सुनवाई में शिथिलता तथा अपेक्षित कार्रवाई न करने संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर कराई गई विभागीय जांच में पुलिसकर्मियों द्वारा दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और कोताही पाए जाने पर लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया गया।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवेदकों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्षता और जवाबदेही में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मारो चौकी में सुचारू कार्यप्रणाली बनाए रखने हेतु वैकल्पिक निर्देश जारी किए गए हैं।


अन्य पोस्ट