बेमेतरा

किसान से साढ़े 13 लाख की ठगी, 4 पर अपराध दर्ज
07-Sep-2026 6:35 PM
किसान से साढ़े 13 लाख की ठगी,  4 पर अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 सितंबर। बेमेतरा जिले के कातलबोड़ निवासी किसान से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 13,47,141 की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर नांदघाट थाना पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई को पीडि़त किसान नीलेश राजपूत के पास एक महिला का फोन आया, जिसने ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप जेंगो के माध्यम से वित्तीय लाभ का आश्वासन देकर पीडि़त की प्रोफाइल बनाई। शुरुआत में पीडि़त के खाते में 160 जमा कराए गए, जिसके बाद पीडि़त द्वारा 1,38,000 जमा किए गए।

आईडी अनफ्रिज कराने और क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर 7 और 8 जुलाई को सारांश गुप्ता के बैंक खाते में क्रमश: 2,91,877 और 4,20,000 ट्रांसफर कराए गए।

टैक्स भुगतान के नाम पर 15 जुलाई को मोहम्मद कैफ के खाते में 4,29,264 तथा 16 जुलाई को पेनल्टी के नाम पर ऋषभ मंडल के खाते में 68,000 जमा कराए गए।

 ट्रेडिंग खाते में राशि 23 लाख दिखने पर जब पीडि़त ने निकासी की मांग की, तो उनसे ‘लेवल अप’ करने के नाम पर 10 लाख और जमा करने को कहा गया। अतिरिक्त राशि की मांग पर संदेह होने पर पीडि़त ने नांदघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई।

नांदघाट थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर के अनुसार आरोपी महिला, सारांश गुप्ता, मोहम्मद कैफ और ऋषभ मंडल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। संबंधित बैंक खातों और फोन नंबरों की तकनीकी जांच जारी है।


अन्य पोस्ट