बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 सितंबर। नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम जेवरा एन में मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल और बैठने की व्यवस्था को लेकर अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयावंत बांधे और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के मध्य विवाद का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयावंत बांधे के अनुसार उन्हें जिला प्रशासन द्वारा औपचारिक ई-कार्ड और फोन के माध्यम से कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, जिसके आधार पर वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे।
कार्यक्रम स्थल पर नायब तहसीलदार द्वारा उन्हें अग्रिम पंक्ति में बैठने से मना किया गया। इस संबंध में जब उन्होंने कलेक्टर से बात की, तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
दयावंत बांधे ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से पत्र के माध्यम से करने की बात कही है। जिला पंचायत सदस्य बाल कुमारी ध्रुव ने कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र (ई-कार्ड) में अपना नाम शामिल न किए जाने पर आपत्ति जताई है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जांच की मांग की है।
कांग्रेस नेता अंजोर दास घृतलहरे ने जिले में आयोजित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।