बेमेतरा

ग्रामीणों ने मानसिक बीमार को संदिग्ध समझा, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
07-Sep-2026 6:33 PM
ग्रामीणों ने मानसिक बीमार को संदिग्ध समझा, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 सितंबर। नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम मूरता में बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों द्वारा रोके गए एक व्यक्ति को पुलिस ने सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के पश्चात उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस जांच में बच्चा चोरी की अफवाह को निराधार पाया गया है।

सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस टीम ग्राम मूरता पहुंची और व्यक्ति को सुरक्षा में लेते हुए नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  ले गई। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बेमेतरा तथा तत्पश्चात मेकाहारा, रायपुर रेफर किया। उपचार के बाद उसे वापस लाया गया।

 पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम लामू ध्रुवे (45 वर्ष), पिता जय सिंह उर्फ बुधवा ध्रुवे, निवासी ग्राम कलारचिका, थाना बिछिया, जिला मंडला (मध्य प्रदेश) बताया।

बिछिया थाना प्रभारी और स्थानीय कोटवार से संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि व्यक्ति का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है तथा उसकी मानसिक स्थिति अस्वस्थ है।

जांच में पता चला कि लामू की पत्नी ग्राम भोईनाभाठा स्थित कृषि फार्म में मजदूरी करती है। मानसिक अस्वस्थता के कारण लामू 5 सितंबर को फार्म से भटक कर निकल गया था, जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे।

नवागढ़ थाना प्रभारी दूलेश्वर चंद्रवंशी ने बताया कि तस्दीक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लामू ध्रुवे को उसकी पत्नी एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उक्त व्यक्ति का किसी भी बच्चा चोर गिरोह से कोई संबंध नहीं है तथा आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट