बेमेतरा

नियमों का उल्लंघन, किसान एग्रो की कीटनाशी अनुज्ञप्ति 15 दिवस के लिए निलंबित
06-Sep-2026 4:06 PM
 नियमों का उल्लंघन, किसान एग्रो की कीटनाशी अनुज्ञप्ति 15 दिवस के लिए निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 6 सितंबर। बेमेतरा स्थित मेसर्स किसान एग्रो कृषि केंद्र (सिंधौरी) की कीटनाशी विक्रय एवं भंडारण अनुज्ञप्ति को 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। उप संचालक कृषि एवं कीटनाशी अनुज्ञापन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निलंबन 4 सितंबर  से 18 सितंबर तक प्रभावी रहेगा।

निरीक्षण में पाई गई अनियमितताएं

कीटनाशी निरीक्षक द्वारा 14 अगस्त को किए गए निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं दर्ज की गई थीं। जांच के दौरान बिना स्वीकृत प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशकों का भंडारण पाया गया। प्रतिष्ठान में कीटनाशकों की दर सूची प्रदर्शित नहीं थी तथा स्कंध (स्टॉक) पंजी का संधारण नियमानुसार नहीं किया गया था। बिक्री के उपरांत खरीदारों को कैश/क्रेडिट मेमो जारी न करने तथा लाइसेंस जारी होने के बाद से मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत न करने की बात सामने आई।

जारी किए गए कारण बताओ नोटिस पर संबंधित फर्म द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण को संतोषजनक न पाते हुए, कीटनाशी अधिनियम 1968, कीटनाशी नियम 1971 एवं अनुज्ञप्ति की शर्तों के उल्लंघन के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

 

निलंबन अवधि के दौरान संबंधित फर्म द्वारा कीटनाशकों के क्रय, विक्रय, भंडारण एवं वितरण से जुड़ी किसी भी व्यावसायिक गतिविधि पर रोक रहेगी। कीटनाशी निरीक्षक को आदेश का पालन कराने तथा उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट