बेमेतरा
श्रीराधाकृष्ण एवं राम मंदिर सहित जिले भर में मना जन्माष्टमी पर्व, हुए धार्मिक कार्यक्रम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 5 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर और राम मंदिर सहित शहर व ग्रामीण अंचलों के देवालयों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान बालकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई।
उत्सव के अंतर्गत प्रात:काल मंदिरों के कपाट खुलने के बाद भगवान बालकृष्ण का पंचामृत से अभिषेक कर श्रृंगार किया गया। मध्यरात्रि जन्मोत्सव के पश्चात पंजीरी और पंचामृत का भोग लगाकर महाआरती की गई।
राम मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। वहीं, श्रीराधाकृष्ण मंदिर परिसर में रात्रि को भागवताचार्य पंडित रामप्रसाद शास्त्री द्वारा भगवान की बाल लीलाओं पर आधारित कथा का वाचन किया गया।
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मटकी फोड़ (हांडी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ग्रामीण अंचलों के मंदिरों में भी रामधुनी व पूजा-अर्चना के कार्यक्रम संपन्न हुए।
श्रीराधाकृष्ण मंदिर के संत गणेश्वर शास्त्री ने जन्माष्टमी के अवसर पर सनातन परंपरा में इस तिथि के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी तथा श्रद्धालुओं को व्रत और दर्शन के संदर्भ में उल्लेखित शास्त्रगत मान्यताओं से अवगत कराया।