बेमेतरा

प्राचार्य पर नशे में स्कूल आने का आरोप ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत
04-Sep-2026 3:58 PM
प्राचार्य पर नशे में स्कूल आने का आरोप  ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 4 सितंबर। बेमेतरा जिले के शासकीय हाई स्कूल तुमा के प्राचार्य पर शैक्षणिक कार्य के दौरान शराब के नशे में विद्यालय आने का आरोप लगा है। ग्राम पंचायत तुमा के सरपंच एवं ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर  से शिकायत कर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 25 अगस्त को दोपहर लगभग 2.10 बजे विद्यार्थियों ने प्राचार्य मनोज बंजारे को नशे की हालत में देखा। इसकी सूचना विद्यार्थियों द्वारा पालकों, ग्राम पटेल और सरपंच को दी गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि स्कूल परिसर पहुंचे। ग्रामीणों का दावा है कि निरीक्षण के दौरान प्राचार्य की जेब से शराब की शीशी मिली। मामले को लेकर ग्राम पटेल भागवत प्रसाद, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रेमलाल साहू, कुंदन साहू सहित अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया।

अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आचरण से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर प्राचार्य को निलंबित करने की मांग की है।  मामले पर बेमेतरा कलेक्टर ने कहा, सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है। इस विषय की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट