बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 सितंबर। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरिया में नांदघाट-मुंगेली मार्ग से मुक्तिधाम तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर बारिश के कारण कीचड़ की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्षा ऋतु के दौरान मुक्तिधाम तक पहुंचने वाला मार्ग कीचडय़ुक्त और ऊबड़-खाबड़ हो जाता है। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम पहुंच मार्ग के पक्कीकरण और शेड निर्माण की आवश्यकता जताई है।
ग्राम पंचायत सेमरिया के सरपंच धर्मेंद्र ने बताया कि मुक्तिधाम मार्ग के सुधार और शेड निर्माण के लिए पंचायत स्तर से प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि खेतों के आवागमन और मवेशियों की आवाजाही के कारण मार्ग प्रभावित हुआ है। लगभग एक सप्ताह में सुधार प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पुराना शेड बदलने की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई है। समाज सेवी अंजोर दास घृतलहरे ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और मुक्तिधाम मार्ग की स्थिति पर ध्यान आकर्षित कराते हुए शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।