बेमेतरा

खबर का असर: किसान के घर से 11 बोरी खाद जब्त
04-Sep-2026 3:35 PM
खबर का असर: किसान के घर से 11 बोरी खाद जब्त

नकली डीएपी खाद मामला,  जांच शुरू, 5 सदस्यीय टीम गठित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 4 सितंबर। ‘छत्तीसगढ़’ की खबर का असर हुआ। संदिग्ध नकली डीएपी खाद बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग की पांच सदस्यीय जांच टीम ने ग्राम लोलेसरा और बैजी पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान टीम ने एक किसान के घर से 11 बोरी संदिग्ध खाद जब्त कर पंचनामा तैयार किया और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए नमूने एकत्र किए।

ग्राम लोलेसरा एवं बैजी के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जांच टीम को अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्राम लोलेसरा सरपंच लेखू वर्मा ने बताया कि उन्होंने 2,200 रुपये प्रति बोरी की दर से 25 बोरी डीएपी खाद कुल 55,000 रुपये में खरीदी थी। खेतों में छिडक़ाव के बाद फसल पर अपेक्षित प्रभाव न दिखने पर खाद के अमानक होने का संदेह हुआ।

ग्राम बैजी उपसरपंच मंगल वर्मा के अनुसार, उन्होंने 40 बोरी खाद खरीदी थी। छिडक़ाव के 15 दिन बाद भी प्रभाव न दिखने पर उन्हें खाद के नकली होने की आशंका हुई।

गणपत साहू निवासी बैजी ने बताया कि उन्होंने 8 बोरी खाद खरीदी थी, जिसका फसल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, खाद की बोरियां मूल कंपनी की बोरी जैसी प्रतीत हो रही थीं, जिससे खरीदारी के समय अंतर स्पष्ट नहीं हो सका। बाद में बोरियों के मिलान और प्रभावहीनता के आधार पर किसानों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई।

कृषि विभाग की टीम ने मौके से उपलब्ध खाद के सीलबंद नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए आधिकारिक प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में लगभग 30 दिन का समय लगेगा। रिपोर्ट आने के पश्चात प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट