बेमेतरा

बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
29-Aug-2026 6:24 PM
बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 अगस्त। रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी। भाइयों ने बहनों को उपहार दिए और रक्षा का वचन दिया।

सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारी की गई। थाली में रोली, अक्षत, मिठाई और दीपक रखकर भाइयों को राखी बांधी गई। बहनों ने राखी बांधने तक उपवास रखा। इस वर्ष भद्रा का प्रभाव न होने के कारण दिनभर राखी बांधने का क्रम चलता रहा।

त्योहार को लेकर बाजार में दुकानों पर लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। कपड़े, साड़ी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की उपस्थिति रही। मिठाई की दुकानों पर सामान्य मिठाइयों के साथ गिफ्ट पैक और चॉकलेट पैक की बिक्री हुई। बच्चों और बुजुर्गों ने भी पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पर्व में भाग लिया।


अन्य पोस्ट