बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 28 अगस्त। ग्राम पंचायत भैसा में सरपंच की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है। बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण उपसरपंच और पंचों के साथ कलेक्टर पहुंचे और सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंप पर सरपंच के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच करने तथा निर्मल अनुसार अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कई आवश्यक जनहितकारी कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं। इसके कारण गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी विवाद एवं या अशांति के पक्ष में नहीं हैं बल्कि पंचायत प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास कार्यों में तेजी चाहते हैं।
स्वास्थ्य केंद्र के लिए जमीन देने में टालमटोल का आरोप
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए शासकीय भूमि उपलब्ध कराने के मामले में सरपंच की ओर से लगातार टालमटोल की जा रही है। इसके चलते स्वास्थ्य केंद्र का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है और ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उठानी पड़ रही है। इसी तरह प्राथमिक शाला के नवीन भवन और बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपेक्षित। सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी जरूरतों से जुड़े कार्यों में देरी से गांव के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
कोतवाली में शिकायत, बदसलूकी का आरोप
कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामीण सिटी कोतवाली भी पहुंचे। वहां उन्होंने सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए बदसलूकी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी शिकायतों पर शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं तो वे आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में उपसरपंच मिथलेश, पंच गुलाबाबाई, हीराबाई, सरोज कल्याणी, दशरथ यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष शामिल रहे।