बेमेतरा

सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार की मौत
23-Aug-2026 7:30 PM
सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 23 अगस्त। केशडबरी स्थित चौहान एग्रो के पास रात एक भीषण सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को 112 की टीम ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान धमधा क्षेत्र के बीझापुर निवासी रूपेश गौड़  (32) के रूप में हुई।

घटना 21 अगस्त की रात लगभग 8:30 की है। बेमेतरा- दुर्ग मार्ग पर केसडबरी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक सडक़ पर गिरकर लहुलुहान हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। हालांकि डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद रात करीब 8:50 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के वक्त मृतक के पास कोई पहचान पत्र न होने से उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में देवरबीजा चौकी पुलिस की जांच पड़ताल में मृतक रुपेश गौड़ (32) निवासी ग्राम बीझापुर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रुपेश बेमेतरा स्थित अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकला था तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। अस्पताल में आकाश चौहान की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर लिया है। देवरबिजा चौकी प्रभारी रेशम लाल भास्कर के अनुसार शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दी गई है। फिरहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर दुर्घटनाकारित अज्ञात वाहन की पतासाजी में जुटी है।


अन्य पोस्ट