बेमेतरा

बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने मॉकड्रिल
21-Aug-2026 4:11 PM
बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने मॉकड्रिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 21 अगस्त। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नाले उफान पर हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई।

मॉकड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम में अचानक सूचना पहुंची। हेलो-हेलो कंट्रोल रूम अमोरा घाट में बाढ़ आने से 5 लोग पानी में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीमों को सक्रिय किया। कुछ ही समय में एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बाढ़ में फंसे पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियां निर्मित कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया।

मॉक ड्रिल के तहत बेमेतरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम अमोरा के समीप नदी में अचानक जलस्तर बढऩे की स्थिति प्रदर्शित की गई। खेत में काम कर रहे दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा तेज जल बहाव के बीच फंस गए। पानी लगातार बढऩे पर सभी ऊंचे स्थान पर पहुंचकर मदद के लिए आवाज लगाने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और जिला कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने एनडीआरएफ की रायपुर यूनिट को तत्काल सूचना देकर रेस्क्यू टीम रवाना करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट किया गया।

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। तेज बहाव और कीचड़ के बीच टीम ने रबर बोट एवं रस्सियों की सहायता से बचाव अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित जवानों ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए बाढ़ में फंसे दो पुरुषों, दो महिलाओं और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान एक बच्चा बेहोशी की हालत में पाया गया। उसके पेट में पानी चले जाने के कारण उसकी स्थिति गंभीर थी। एनडीआरएफ के मेडिकल ऑफिसर ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार के साथ सीपीआर दिया। लगभग 10 मिनट तक किए गए प्रयास के बाद बच्चे ने सांस लेना शुरू किया और उसे होश आया। इसके बाद सभी पांच लोगों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा भेजा गया।

 

जिला प्रशासन ने की आमजन से अपील

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों के पास न जाएं। बच्चों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रखें और उन्हें अकेले नदी-नालों के आसपास न जाने दें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 अथवा जिला कंट्रोल रूम को सूचना दें।

मॉकड्रिल के दौरान पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीएम द्वय दीप्ति वर्मा एवं पिंकी मनहर सहित जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट