बेमेतरा

सर्व समाज के संत थे गुरु रविदास-डिप्टी सीएम शर्मा
21-Aug-2026 3:16 PM
सर्व समाज के संत थे गुरु रविदास-डिप्टी सीएम शर्मा

जन्मस्थली की पवित्र माटी एवं गंगाजल कलश वितरण कार्यक्रम में की शिरकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 21 अगस्त। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने टाउन हॉल में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650 वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं गंगाजल कलश वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जिले के सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्षों को पवित्र कलश वितरित किए गए। कार्यक्रम में संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और मानव समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज सर्व समाज के स्वीकार्य और पूजनीय संत थे। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और कर्मप्रधान जीवन का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र माटी को देशभर में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि संत रविदास जी के विचार और उनके महान संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी तथा गंगा नदी के पवित्र जल से भरे कलश का विधिवत वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इन कलशों को संबंधित मंडलों में ले जाकर विभिन्न गांवों तक पहुंचाया जाएगा तथा सामाजिक समरसता के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।इस दौरान पवित्र माटी को श्रद्धापूर्वक माथे से लगाया गया। कार्यक्रम स्थल संत रविदास जी के जयघोष और ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के उद्घोष से गूंज उठा।

सभी मंडल अध्यक्षों को सौंपा गया पवित्र कलश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले के सभी मंडलों के भाजपा मंडल अध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से कहा कि वे इन कलशों को अपने-अपने मंडलों के गांवों तक लेकर जाएं और संत रविदास की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह पवित्र कलश केवल माटी और गंगाजल का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और समरसता का संदेशवाहक है। कार्यक्रम में मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक ईश्वर साहू, दीपेश साहू, छत्तीसगढ़ रजक बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ,रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं संत रविदास समाज के अनुवाई बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट