बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 अगस्त। बेमेतरा जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग, गौरव और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस एवं अन्य प्लाटूनों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि विजय बघेल ने ध्वजारोहण के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने अपने संदेश में प्रदेश के विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राज्य के नागरिकों की खुशहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने उल्लास और उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोडक़र स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
परेड का निरीक्षण कर जवानों का बढ़ाया उत्साह
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक प्रवीण कुमार खलको ने किया। मुख्य अतिथि विजय बघेल ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला, एनसीसी पुरुष, एनसीसी महिला, स्काउट-गाइड तथा रेडक्रॉस के दल शामिल हुए। विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासन, कदमताल और देशभक्ति की भावना के साथ शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।परेड के दौरान जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया तथा राष्ट्रपति की जयकारा के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। परेड में शामिल जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया। उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति एवं सम्मान प्रदान किया गया। जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि विजय बघेल द्वारा सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
स्वतंत्रता सेनानियों व शहीद परिवारों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा शहीद जवानों के परिवारजनों को मुख्य अतिथि द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में स्व. कृपाराम आ. दीना, स्व. मुंजन आ. सुखभजन सिंह, स्व. रामदास आ. चैनदास, स्व. लक्ष्मण प्रसाद वैघ आ. रामलाल, स्व. अवध राम आ. उन्नतराम कुर्मी, स्व. मल्लूराम आ. दीनदयाल, स्व. बुधराम आ. दीना, स्व. मुकुटराम आ. नारायण, स्व. ख़म्हन लाल आ. गोवर्धन तथा स्व. कलीराम आ. सदाशिव के परिजन शामिल रहे।
इसी प्रकार लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदी) स्व. महेश तिवारी आ. रामसनेही तिवारी की ओर से शारदा तिवारी का भी सम्मान किया गया। शहीद जवानों के परिजनों को भी शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग एवं बलिदान को नमन किया गया।
देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह का सबसे आकर्षक एवं भावपूर्ण पक्ष स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की झलक देखने को मिली। गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को भाव-विभोर कर दिया।
दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संकलित परिणाम में प्रथम स्थान पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा कुसमी, द्वितीय स्थान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेमेतरा तथा तृतीय स्थान अम्बो पब्लिक स्कूल बेमेतरा को प्राप्त हुआ। विजेता संस्थाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।