बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं मीसाबंदी हृदय नारायण निर्वाणी का सम्मान किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने निर्वाणी को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को नमन किया।
आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हृदय नारायण निर्वाणी को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं स्वयंसेवक होने के कारण मीसा के अंतर्गत जेल में निरुद्ध किया गया था, उन्होंने जमानत लेने से इनकार करते हुए आपातकाल का विरोध किया और इसे लोकतंत्र की हत्या बताया था। इस अवसर पर निर्वाणी ने कहा कि आपातकाल मेरे जीवन का ऐसा दौर था, जब लोकतंत्र और नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए जेल जाना भी सम्मान की बात थी। मैंने जमानत लेने के बजाय लोकतंत्र के पक्ष में खड़ा होना उचित समझा। उस समय देश में भय का वातावरण था, लेकिन लोकतंत्र में विश्वास रखने वालों ने संघर्ष का रास्ता चुना। आज स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान मिलना केवल मेरा सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान है, जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए यातनाएं और जेल की कठिनाइयां सहन कीं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और संविधान की गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है नई पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से परिचित होना चाहिए। सम्मान समारोह के दौरान उनकी पुत्रवधू एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी भी उपस्थित रहीं। जिपं अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी निर्वाणी को शुभकामनाएं दीं।