बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 अगस्त। जिला चिकित्सालय के मातृ-शिशु अस्पताल में भर्ती मरीजों को परोसे गए दलिया में इल्लियां (कीड़े) मिलने से हडक़ंप मच गया।
मरीज और उनके परिजनों का आरोप है कि कई मरीजों के खाने में कीड़े मिले। शिकायत के बावजूद प्रबंधन द्वारा तुरंत कोई ठोस कदम न उठाए जाने से परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कीड़ा निकालने की पुष्टि करते हुए मरीज के परिजन मोहन मानिकपुरी ने बताया कि उनके खाने में उसे चार कीड़े मिले। खाने में कीड़े मिलने के बाद भर्ती मरीजों ने दलिया, खिचड़ी खाने से मना कर दिया।
मरीजों के परिजनों ने कहा कि इस प्रकार कीड़े वाले भोजन को परोसना मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ करना है। उन्होंने कहा कि यदि भोजन परोसने से पहले उसकी सही तरीके से जांच की जाए तो इस प्रकार की स्थिति सामने नहीं आएगी।
सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि उन्हें प्रकरण की जानकारी मिल चुकी है और मामले की जांच कर कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन खाने की गुणवत्ता की जांच की जाती है।

