बेमेतरा

खारुन नदी में चलाया स्वच्छता अभियान, चार क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र
03-Aug-2026 3:36 PM
खारुन नदी में चलाया स्वच्छता अभियान, चार क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 3 अगस्त।  पर्यावरण संरक्षण एवं खारुन नदी की सफाई के उद्देश्य से भाजपा किसान नेता व सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों से लगभग चार क्विंटल प्लास्टिक अपशिष्ट (पॉलीथिन, प्लास्टिक बोतलें, डिस्पोजेबल सामग्री आदि) एकत्र किया गया। आयोजकों के अनुसार, एकत्र किए गए कचरे को निस्तारण एवं पुनर्चक्रण के लिए भेजा गया है।

इस अवसर पर योगेश तिवारी ने कहा कि बारिश के कारण नदी में जलस्तर तो बढ़ा है, लेकिन आसपास के क्षेत्रों का सीवरेज और गंदा पानी सीधे नदी में प्रवाहित होना चिंताजनक है। उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और अदालती दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सीवरेज और प्लास्टिक अपशिष्ट के कारण नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि खारुन नदी पेयजल और कृषि सिंचाई का प्रमुख स्रोत है, इसलिए इसे प्रदूषण मुक्त रखना आवश्यक है।

योगेश तिवारी ने जानकारी दी कि नदी संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत शीघ्र ही पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें नदी में सीवरेज का पानी गिरने से रोकने, प्लास्टिक नियंत्रण और दीर्घकालिक संरक्षण कार्ययोजना लागू करने की मांग की जाएगी।

 कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट