बेमेतरा

इंडियन ओवरसीज बैंक में साढ़े 14 करोड़ की धोखाधड़ी
01-Aug-2026 3:35 PM
इंडियन ओवरसीज बैंक में साढ़े 14 करोड़ की धोखाधड़ी

पूर्व बैंक मैनेजर तमिलनाडु से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 1 अगस्त। इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा से जुड़ी करोड़ों की वित्तीय धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बैंक में हुए लगभग 14 करोड़ 56 लाख 9 हजार, 693 रुपए की अनियमितता के बहुचर्चित गबन कांड के मुख्य आरोपी व तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है।

 पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को 29 जुलाई को हिरासत में लेकर ट्रांजिट पर बेमेतरा लाया है। जहां उसे न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में तात्कालिक शाखा प्रबंधक ने स्थानीय बिचौलियों के साथ मिलकर बैंक के कड़े नियमों, प्रणालीयो और स्थापित प्रतिक्रियाओं का घोर उल्लंघन करते हुए बड़े वित्तीय हेरफेर को अंजाम दिया था।

वर्ष 2022 में में दर्ज धोखाधड़ी का मामला

मामले की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी, जब इंडियन ओवरसीज बैंक बेमेतरा शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक वजू पटनवार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर या खुलासा किया था कि तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास ने पद पर रहते हुए सहयोगियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। उन्होंने बैंक के नियमों को दरकिनारे करते हुए अनाधिकृत रूप से विभिन्न खातों में धनराशि अंतरित की और बैंक के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 120(बी)और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गहन विवेचना शुरू की थी।

आरोपी प्रबंधक गिरफ्तार

प्रकरण का मुख्य आरोपी विनीत दास मूलत: अशोकनगर डोरंडा (रांची झारखंड) का निवासी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। वर्तमान में वह इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय तंजावुर तमिलनाडु में पदस्थ था। बेमेतरा पुलिस को जब आरोपी के तंजावूर में होने की सटीक सूचना मिली तो विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम नेता तंजावुर पहुंचकर 29 जुलाई को आरोपी विनीत दास को गिरफ्तार किया। इसके बाद स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिस्ट डिमांड प्राप्त कर आरोपी को बेमेतरा लाया गया, जहां पुलिस उसे घोटाले के अन्य पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है।

पूर्व में चार गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट रूप से सामने आया कि इस  अंतरराज्यीय बैंकिंग घोटाले में बैंक अधिकारी के साथ-साथ स्थानीय बिचौलियों के एक गिरोह ने मुख्य भूमिका निभाई थी। प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में चार आरोपी बिचौलियों कमलेश सिंह (बेमेतरा), जोहान सिन्हा  (केवाछी),टीकाराम माथुर (बीरमपुर) और नरेश वर्मा (केवाछी) को गिरफ्तार कर जेल भेज चुका है। यह सभी आरोपी बैंक में बिचौलियों के रूप में सक्रिय थे। यह ग्रामीणों और फर्जी कागजी कंपनियों के नाम पर लोन फाइनेंस तैयार करवाते थे, और शाखा प्रबंधक के साथ मिलकर स्वीकृत राशि में से बड़ा हिस्सा अवैध रूप से हड़प लेते थे।

आंतरिक जांच में हुआ पर्दाफाश

बैंक की आंतरिक जांच रिपोर्ट के अनुसार 180 खातों में कुल 16.01 करोड़ रुपए के लिए स्वीकृतियों के गंभीर फर्जीवाड़ा हुआ। कई मामलों में जिन इकाइयों के नाम पर ऋण दिया गया, वे मौके पर मौजूद ही नहीं थी। फर्जी जीएसटी नंबरों का उपयोग किया गया। स्व-सहायता समूहों के खाते में अनाधिकृत नकदी निकासी की गई, और गैर-पैनल अधिवक्ताओं से फर्जी कानूनी राय ली गई, इसके अतिरिक्त मत्स्य पालन व केसीसी ऋणों में अत्यधिक घोटाला किया गया, और विशाल एग्रो जैसे खातों में सरकारी व तीसरे पक्ष की जमीन को बिना वैध दस्तावेज के बंधक बनाकर ऋण सीमा स्वीकृत कर दी गई।

चार आरोपी पहले भी पकड़े जा चुके हैं - एसपी बंसल

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने बताया कि 16 करोड़ से अधिक के गबन मामले में आरोपी को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। हालांकि विभागीय तौर पर इसकी जांच होने से खुलासा हुआ था। मामले में चार आरोपी पहले भी पकड़े जा चुके हैं।


अन्य पोस्ट