बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 1 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेत्री के बीच संगठन विस्तार, महिला नेतृत्व, संसदीय कार्यशैली और पार्टी की विचारधारा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद लक्ष्मी वर्मा ने प्रश्नकाल और शून्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि संसद सिर्फ कानून बनाने की जगह नहीं है, बल्कि यह आम जनता की आवाज को देश के सर्वोच्च सदन तक पहुँचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से राज्यसभा तक पहुंचना यह साबित करता है कि भाजपा अपने हर अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता की सूक्ष्मता से पहचान करती है और सही समय पर दायित्व देती है।
लक्ष्मी वर्मा ने जिले में प्रज्ञा निर्वाणी द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक अभियानों और संगठन विस्तार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सौंपी गई जिम्मेदारी में शत-प्रतिशत योगदान देना ही एक सच्चे कार्यकर्ता का धर्म है। भेंट के बाद प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा का संघर्षशील जीवन और संगठन के प्रति समर्पण लाखों कार्यकर्ताओं के लिए मिसाल है, उनके अनुभवों से संसदीय परंपराओं और जनसेवा की नई ऊर्जा मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन को साकार करने और राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए महिला मोर्चा की पूरी टीम निष्ठा से काम करती रहेगी।