बेमेतरा

पिता की हत्या, आरोपी बेटे को उम्रकैद
31-Jul-2026 7:43 PM
पिता की हत्या, आरोपी बेटे को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 31 जुलाई। ग्राम संकरा में 17 जून 2024 की रात पैसों के विवाद और पारिवारिक अनबन के कारण पिता की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर शव को स्कूटी पर लादकर नाले में फेंकने वाले आरोपी पुत्र को प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश देवेंद्र कुमार की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस हत्याकांड के मामले में शासन की ओर से लोग अभियोजक शिव गोपाल श्रीवास ने पैरवी की। अदालत में वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी उठहराते हुए सजा का ऐलान किया।

 प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार की अदालत में मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी पुत्र इंद्रेश साहू को दोषी ठहराया। अदालत ने आरोपी को तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 10,000 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई।

 इसके अलावा साक्ष्य छुपाने के अपराध में धारा 201 के तहत 3 वर्ष के कठोर कारावास और 1,000 हजार रूपए के जुर्माने की अतिरिक्त सजा भी दी गई। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यह दोनों सजाएं एक साथ चलेंगे।

यह खौफनाक घटना बेरला थाना क्षेत्र के गांव संकरा में 17 जून 2024 को घटित हुई थी। मृतक मोतीलाल साहू शराब पीने का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर पैसे और पारिवारिक मुद्दों को लेकर विवाद होता रहता था। वारदात की रात भी पिता के खराब व्यवहार और पैसों की मांग को लेकर कहासुनी हुई। इससे उत्तेजित होकर बेटे इंद्रेश साहू ने कुल्हाड़ी टांगिया से पिता के पेट पर वार किया और फिर गला घोटकर उसे बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपी इंद्रेश ने साक्ष्य मिटाने के लिए अपने 15 वर्षीय नाबालिग भाई को भी इस अपराध में शामिल कर लिया। दोनों ने मिलकर पिता के शव को प्लास्टिक की बोरी में बांधा, स्कूटी के पायदान पर लादा और सिनवार घाट स्थित लाल कछार नाले में फेंक दिया। इसके अलावा हत्या के इस्तेमाल टंगिया को घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया तथा पिता के दो मोबाइल फोन को गांव के बड़े तालाब में फेंका। 20 जून 2024 को शव बरामद होने पर आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया।

पुलिस जांच के दौरान संकरा-सिनवार मार्ग के सीसीटीवी फुटेज में 18 जून की सुबह दोनों भाई स्कूटी पर पीली बोरी ले जाते और बाद में खाली हाथ लौटते दिखे। सीडीआर और मोबाइल टावर लोकेशन से भी उनकी मौजूदगी साबित हुई। कड़ाई से पूछताछ पर आरोपी ने जुर्म कबूल किया। जिसके बाद कुएं से खून से सना टंगिया  और तालाब से मोबाइल बरामद किए गए।

अदालत ने इन साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी को सजा सुनाई। जबकि मामले में शामिल 15 वर्षीय नाबालिग भाई का केस कानून के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष अलग से विचाराधीन है।


अन्य पोस्ट